झारखंड विधानसभा में गिरिडीह की घटना पर हंगामा, कार्यवाही स्थगित
रांची। झारखंड विधानसभा के बजट सत्र का आज 12वां दिन है। सदन की कार्यवाही सुबह 11:06 बजे शुरू होते ही गिरिडीह की घटना को लेकर भाजपा विधायकों ने जोरदार हंगामा शुरू कर दिया। भाजपा विधायक वेल में उतर आए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह से बिगड़ चुकी है और गिरिडीह की घटना भी सुनियोजित तरीके से घटित हुई। उन्होंने सदन में लॉ एंड ऑर्डर पर बहस कराने की मांग की। इस पर विधायक राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि ऐसे संवेदनशील मामलों में पक्ष और विपक्ष दोनों को संवेदनशील होना चाहिए।
सरकार की दलील, गृह विभाग के अनुदान मांग पर होगी चर्चा
भाजपा के हंगामे के बीच वित्त मंत्री ने कहा कि जिस दिन गृह विभाग के अनुदान मांग पर चर्चा होगी, उस दिन इस मसले पर भी विस्तृत चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस घटना पर राजनीति करना उचित नहीं है। भाजपा विधायकों के लगातार हंगामे को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही दोपहर 12:00 बजे तक स्थगित कर दी।
नगर विकास मंत्री ने दी सफाई
नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार ने सदन को बताया कि प्रशासन ने संयम का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि होली के दौरान कुछ लोगों ने जबरन मस्जिद के सामने से जुलूस निकालने की कोशिश की, जबकि अन्य लोगों ने प्रशासन के कहने पर अलग रास्ता अपनाया।
भाईचारे की मिसाल को सराहने की मांग
इधर, विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि राज्य के कई हिस्सों में हिंदू और मुस्लिम समुदाय ने मिलकर शांतिपूर्वक होली खेली। उन्होंने सदन से उन इलाकों को बधाई संदेश भेजने की मांग की, जहां साम्प्रदायिक सौहार्द और भाईचारे की मिसाल कायम हुई।
